रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा गया ASI, ACB ने ढाबे में दबोचकर बरामद किए 20 हजार रुपये

मारपीट मामले में कार्रवाई से बचाने मांगी थी 40 हजार की रिश्वत, दूसरी किश्त लेते ही एसीबी की टीम ने किया ट्रैप
सक्ती। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने सक्ती जिले में पदस्थ एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस अधिकारी ने एक मारपीट मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में कुल 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोपी पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था और शेष रकम लेने के दौरान एसीबी ने उसे ट्रैप कर लिया।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार ग्राम बालपुर, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बालपुर की निवासी सरस्वती जायसवाल द्वारा दर्ज कराए गए मारपीट मामले में कार्रवाई को प्रभावित करने के लिए एएसआई एस.एन. मिश्रा 40 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाने की मांग की थी।
सत्यापन में सही मिली शिकायत
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी पहले ही 20 हजार रुपये की पहली किश्त ले चुका है और बाकी रकम की मांग कर रहा है। इसके बाद एसीबी टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप योजना तैयार की।
ढाबे में दूसरी किश्त लेते ही गिरफ्तारी
10 मई 2026 को शिकायतकर्ता ने आरोपी को शेष 20 हजार रुपये देने के लिए चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा बुलाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही एएसआई ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार एसीबी को आरोपी अधिकारी के खिलाफ पूर्व में भी रिश्वतखोरी की शिकायतें और सूचनाएं मिलती रही थीं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।




