जाँजगीर -चाँपा

सुशासन तिहार के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करें अधिकारी : कलेक्टर जन्मेजय महोबे

साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में खरीफ तैयारी, जनसमस्या निवारण शिविर, आंगनबाड़ी संचालन और निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा

जांजगीर-चांपा, 11 मई 2026। कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों, जनसमस्या निवारण शिविरों, प्रगतिरत निर्माण कार्यों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि प्रदेश में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

हितग्राहियों को मौके पर मिले योजनाओं का लाभ

कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि शिविरों के माध्यम से केवल समस्याओं का समाधान ही नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जाए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ देने तथा प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

खरीफ सीजन की तैयारी पर विशेष जोर

बैठक में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने डीएपी खाद के विकल्प के रूप में नैनो डीएपी के उपयोग के लिए किसानों को प्रेरित करने कहा।

उन्होंने सभी समितियों और वितरण केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा समस्या आने पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नहर मरम्मत कार्यों को बारिश पूर्व प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने कहा।

समय पर खुलें सभी आंगनबाड़ी केंद्र

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुलें और किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त न हो। उन्होंने कुपोषण दूर करने की दिशा में निरंतर कार्य करने तथा बच्चों एवं महिलाओं को योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए निर्देश

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य शिविर और जनजागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में हर घर नल-जल योजना, ई-ऑफिस, आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, जनगणना 2027, ज्ञान भारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना और धान उठाव कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर  ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर  आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर  संदीप सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button