क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा: मामूली विवाद में चाचा ने भतीजे की उंगली दांत से काटी, आरोपी गिरफ्तार

ग्राम डुड़गा की घटना से सनसनी, पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल


जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुड़गा में पुरानी रंजिश को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चाचा ने अपने ही भतीजे पर हमला कर उसकी उंगली दांत से काट दी। घटना के बाद घायल युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी अमित कुमार यादव (30 वर्ष) मजदूरी के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ रानीसराय गया हुआ था। 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे गांव लौटने के बाद वह अपनी दादी सोनकुंवर यादव से मिलने उनके घर पहुंचा था। इसी दौरान उसका चाचा रवि यादव पुरानी रंजिश को लेकर भड़क उठा।

बताया गया कि आरोपी ने पहले अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अमित यादव के दाहिने हाथ की इंडेक्स उंगली को दांत से काट दिया, जिससे उंगली अलग हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद घायल युवक ने थाना पामगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रवि यादव (35 वर्ष) निवासी डुड़गा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) एवं 118(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button