Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा में चौहरा हत्याकांड से सनसनी, एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या

भवंतरा गांव में पति-पत्नी समेत दो बच्चों के शव मिलने से फैली दहशत, कुल्हाड़ी से वार की आशंका

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम भवंतरा में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी सहित दो मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक आशंका है कि चारों की हत्या कुल्हाड़ी से वार कर की गई है।

बताया जा रहा है कि परिवार नए मकान के निर्माण कार्य के चलते मौके पर ही ठहरा हुआ था। सुबह निर्माण कार्य के लिए पहुंचे मिस्त्री ने चारों को खाट पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तत्काल गांव के सरपंच राजाराम कश्यप को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है और आपसी रंजिश सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की इस वारदात ने पूरे जांजगीर-चांपा जिले को झकझोर कर रख दिया है।

Related Articles

Back to top button