नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार: भट्ठी में जलाया गया 63 लाख का गांजा और नशीली दवाएं

प्रभारी एसपी निवेदिता पॉल की मौजूदगी में PIL प्लांट में हुआ नशीले पदार्थों का नस्टीकरण, अलग-अलग थानों से किया गया था जप्त
जांजगीर-चांपा। अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने आज एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थानों में जप्त किए गए करीब 63 लाख रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ गांजा और नशीली टैबलेट्स को विधिवत आग के हवाले कर नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL) के फर्नेस (भट्ठी) में अंजाम दी गई।
ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुई कार्रवाई
प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति का गठन किया गया था। आज सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को समिति के सदस्यों की मौजूदगी में 123 किलो गांजा और भारी मात्रा में नशीली टैबलेट्स को पीआईएल कोटाडबरी चांपा के प्लांट में ले जाया गया। वहां सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरे माल को भट्ठी में डालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
नस्टीकरण की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती नीलिमा डिग्रेसकर, और पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी श्री राजाराम वैष्णव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा निरीक्षक अशोक वैष्णव (थाना प्रभारी चांपा), जिला अपराध शाखा प्रभारी प्रधान आरक्षक जगदीश्वर प्रसाद, आरक्षक श्याम सुंदर जांगड़े, मालखाना प्रभारी प्रधान आरक्षक देव रत्नाकर और पीआईएल प्रबंधन के स्टाफ ने इस पूरी कार्रवाई को संपन्न कराया।
नशा मुक्त जिले की ओर बढ़ते कदम
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध शराब, गांजा और प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। आज की कार्रवाई यह संदेश देती है कि जप्त किए गए अवैध सामान को पूरी पारदर्शिता के साथ नष्ट किया जा रहा है ताकि अपराधियों में खौफ पैदा हो और समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।




