क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर में पिता-पुत्र ने मिलकर सगे भाई-भतीजों समेत 4 को उतारा मौत के घाट

शिवरीनारायण क्षेत्र के भवतरा गांव में सनसनीखेज चौहरा हत्याकांड; SP निवेदिता पाल की सक्रियता से चंद घंटों में आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना अंतर्गत ग्राम भवतरा में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के चार सदस्यों की रक्तरंजित लाशें मिलीं। धारदार हथियार से की गई इस निर्मम हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्रीमती निवेदिता पाल और एएसपी उमेश कश्यप स्वयं मौके पर पहुंचे और एफएसएल (FSL) व डॉग स्क्वॉड के साथ जांच शुरू की।

1002328640563063334028211287

जमीन विवाद में खूनी खेल
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ और साइबर टीम की तकनीकी जांच के बाद इस डरावनी साजिश का पर्दाफाश हुआ। हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक मेदनीराम कश्यप का पुत्र सोनसाय कश्यप और उसका पोता गोलू कश्यप ही निकले। जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप पहले भी साल 2009 में अपने सगे छोटे भाई की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट चुका है। वह करीब दो साल पहले ही जेल से रिहा हुआ था और तभी से पिता के साथ जमीन को लेकर उसका विवाद चल रहा था।

वारदात का खुलासा और गिरफ्तारी
जेल से लौटने के बाद से ही सोनसाय अपने पिता पर जमीन नाम करने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर पूर्व में उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी हुई थी। आखिरकार, विवाद इतना बढ़ा कि पिता-पुत्र ने मिलकर अपने ही परिवार के चार लोगों को मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को धर दबोचा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है।

10023286396162856676292121462

Related Articles

Back to top button