यातायात पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, कत्तानुमा हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

सारागांव क्षेत्र में यातायात पुलिस की सक्रियता, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
जांजगीर-चांपा। यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सारागांव हाइवे पर संभावित बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने लोहे के धारदार कत्तानुमा हथियार के साथ लोगों को धमका रहे युवक को पकड़कर थाना सारागांव पुलिस के हवाले किया, जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 6 मई 2026 को सारागांव हाइवे रोड पर पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों से सूचना मिली कि उत्तम ढाबा के पास हथनेवरा निवासी प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष) लोहे के कत्तानुमा हथियार के साथ आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम
सूचना प्राप्त होते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम में आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत शामिल थे।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया और किसी भी संभावित अनहोनी को टाल दिया। घटना स्थल थाना सारागांव क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण आरोपी को थाना सारागांव पुलिस के सुपुर्द किया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी द्वारा आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




