जांजगीर: पुलिस अलर्ट मोड पर, होटलों और ढाबों में ताबड़तोड़ चेकिंग, अवैध शराब के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

एसपी निवेदिता पाल के निर्देश पर जिले भर में चला विशेष चेकिंग अभियान; 64 लीटर महुआ और 132 पाव देसी शराब जब्त
जांजगीर-चांपा। जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन और एएसपी उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में पुलिस ने जिले के सभी प्रमुख होटलों, ढाबों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और धर्मशालाओं में एक साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी गई।

चार थानों की पुलिस ने की छापेमारी
इस विशेष अभियान के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। कार्रवाई के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 64 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और 132 पाव देसी प्लेन शराब बरामद की गई:
थाना मुलमुला: 22 लीटर महुआ शराब और 82 पाव देसी प्लेन के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार।
थाना बलौदा: 15 लीटर महुआ शराब और 41 पाव देसी प्लेन के साथ 2 आरोपी दबोचे गए।
थाना पामगढ़: 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ 1 आरोपी गिरफ्तार।
थाना बम्हनीडीह: 7 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ 1 आरोपी पकड़ा गया।
सतर्कता बरतने की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें।





