जनसेवाजाँजगीर -चाँपा

संगीतज्ञ पंडित एमबी रोकड़े की पुण्यतिथि पर 21 मई को डोंगाकोहरौद में सजेगी ‘संगीत यामिनी

शास्त्रीय गायन, तबला वादन और कत्थक नृत्य की होगी प्रस्तुति, देश के ख्यात कलाकार देंगे सांगीतिक कार्यक्रम

जांजगीर-चांपा। अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिलब्ध संगीताचार्य ब्रम्हलीन पंडित एमबी रोकड़े की 19वीं पुण्यतिथि पर 21 मई को पामगढ़ जनपद के ग्राम डोंगाकोहरौद में प्रतिष्ठित संगीत समारोह “संगीत यामिनी” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के संगीत प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

गौरतलब है कि गौरवशाली जांजगीर नगर के प्रसिद्ध संगीतज्ञ पंडित एमबी रोकड़े बहुआयामी सांगीतिक प्रतिभा के धनी थे। उनकी पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष उनके शिष्य वृंदों द्वारा विभिन्न स्थानों पर संगीत समारोह आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। इन आयोजनों में देशभर के संगीत मर्मज्ञ अपनी प्रस्तुतियां देते हैं।

इस वर्ष आयोजित होने वाले समारोह में ग्राम की साप्ताहिक रामायण समिति एवं बरमबाबा कीर्तन मंडली का विशेष सहयोग रहेगा। वहीं ग्राम पंचायत डोंगाकोहरौद, बाल विकास मंदिर, शारदा शिशु मंदिर एवं महामाया ज्ञान मंदिर डोंगाकोहरौद द्वारा भी आयोजन में सहभागिता निभाई जा रही है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंडित रोकड़े की धर्मपत्नी श्रीमती अंबिका रोकड़े की अहम भूमिका बताई जा रही है।

ये कलाकार देंगे प्रस्तुति

संगीत समारोह में आमंत्रित कलाकारों में ग्वालियर के यश देवले द्वारा शास्त्रीय गायन, खैरागढ़ के दीपक महंत द्वारा शास्त्रीय तबला वादन तथा सुश्री सोमा बरेठ द्वारा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

आयोजकों ने क्षेत्र के सभी संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सांगीतिक संध्या का आनंद लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button