जाँजगीर -चाँपा

नैला के वार्ड-3 में रातभर बिजली गुल, लोगों में भारी आक्रोश; आंदोलन की चेतावनी

रात 10 बजे से सुबह तक बंद रही बिजली, अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन; गर्मी में परेशान रहे वार्डवासी।

जांजगीर चाम्पा। नैला नगर के वार्ड क्रमांक-3 में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। गुरुवार रात करीब 10 बजे से वार्ड की बिजली बंद रही, जिससे पूरी रात लोग गर्मी और उमस में परेशान होते रहे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली गुल होने के बाद कई बार फ्यूज कॉल कार्यालय में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी भी कर्मचारी ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे वार्डवासियों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।

गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी

भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा। पंखे और कूलर बंद होने से लोग पूरी रात सो नहीं सके। वार्डवासियों का कहना है कि बिजली कटौती के कारण पेयजल व्यवस्था और दैनिक कामकाज भी प्रभावित हुआ।

सुबह तक नहीं मिला अधिकारियों का जवाब

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 4 बजे वरिष्ठ पत्रकार पवन अग्रवाल ने बिजली विभाग के एई कमलेश डहारे को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। बाद में सुबह करीब 8:30 बजे संपर्क होने पर बिजली सुधारने की बात कही गई, जिसके बाद सप्लाई बहाल की जा सकी।

“अब चुप नहीं बैठेंगे लोग”

नगर के समाजसेवी और पूर्व एल्डरमैन मनोज कालू अग्रवाल ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि बिना सूचना बिजली कटौती जारी रही, तो जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लगातार बिजली गुल रहने से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेयजल आपूर्ति, पंखा, कूलर और दैनिक व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो जाती है।

नियमित बिजली आपूर्ति की मांग

वार्ड क्रमांक-3 के नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने साफ कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button