प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ सुदेल राम यादव का पक्के घर का सपना

जांजगीर-चांपा, 09 जून 2026। जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत कुम्हारी कला निवासी सुदेल राम यादव के लिए अपना पक्का घर होना कभी एक अधूरा सपना था। वर्षों तक कच्चे मकान में जीवन बिताने वाले सुदेल राम यादव और उनकी पत्नी बारिश, गर्मी तथा अन्य कठिन परिस्थितियों के बीच अपना जीवन गुजारते रहे। सीमित आय के कारण वे स्वयं पक्का मकान बनवाने की कल्पना भी नहीं कर पाते थे। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आई।
वर्ष 2025 में योजना के तहत उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये की स्वीकृति मिली, जिससे उनका पक्का मकान बनकर तैयार हुआ। आज वे अपनी पत्नी के साथ अपने नए आशियाने में सुरक्षित, सम्मानजनक और सुखद जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
घर निर्माण के दौरान उन्हें मनरेगा के तहत मजदूरी का लाभ भी प्राप्त हुआ, जिससे आर्थिक संबल मिला और मकान निर्माण का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सका। एक ओर उन्हें रोजगार मिला, तो दूसरी ओर अपने सपनों का घर भी साकार हो गया।
श्री सुदेल राम यादव बताते हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका भी अपना पक्का घर होगा। अब उन्हें और उनके परिवार को भविष्य की चिंता नहीं सताती। सुरक्षित छत मिलने से उनके जीवन में आत्मविश्वास और खुशियां दोनों बढ़ी हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।




