जाँजगीर -चाँपा

नगर पालिका का स्वच्छता अभियान, नवपारा तालाब में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

तालाब परिसर में की गई साफ-सफाई, नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड क्रमांक 3 स्थित नवपारा तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और नगर पालिका कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वच्छता अभियान में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा गढ़वाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, अजीत गढ़वाल, हितेश यादव, रघु कश्यप सहित सभी पार्षद एवं नगर पालिका कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने मिलकर तालाब क्षेत्र की सफाई करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

स्वच्छ नगर के लिए जनसहभागिता जरूरी

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से नगर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जनसहयोग के बिना स्वच्छ और सुंदर नगर की परिकल्पना को साकार नहीं किया जा सकता।

स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने, तालाबों और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि नागरिकों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।

स्वच्छ और स्वस्थ जांजगीर का लिया संकल्प

अभियान के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ जांजगीर के निर्माण का संकल्प लिया। नगर पालिका ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता और स्वच्छता अभियान लगातार चलाने की बात कही।

Related Articles

Back to top button