Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

योग हमारी विरासत और स्वस्थ जीवन का आधार : ओपी चौधरी

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भीमा तालाब में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश।

योग दिवस पर जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात, मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह को ₹25 हजार सहायता और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय जांजगीर स्थित भीमा तालाब, जाज्वल्य देव द्वार के समीप भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक एवं खेल संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

योग को विश्व स्तर पर दिलाई पहचान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के कारण आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और दुनिया के अनेक देश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। यह भारत की प्राचीन संस्कृति, ज्ञान और परंपरा को विश्व मंच पर सम्मान दिलाने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। योग व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मकता का संचार करता है।

बीमारी आने से पहले स्वास्थ्य के प्रति रहें सजग

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। असंतुलित जीवनशैली और अनियमित दिनचर्या इन समस्याओं को और बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी बीमारी आने के बाद उपचार कराने की बजाय पहले से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अधिक आवश्यक है। उन्होंने लोगों से नियमित योग, संतुलित आहार और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग के माध्यम से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। योग मानसिक तनाव को कम कर व्यक्ति को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डिंपी सिंह के मलखंभ प्रदर्शन ने बटोरी तालियां

कार्यक्रम के दौरान पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कुटराबोड़ के युवा मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह ने शानदार करतबों का प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

योगाभ्यास कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने भीमा तालाब परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनका संरक्षण कर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण दिया जा सकता है।

जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात

विश्व योग दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात भी मिली। प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने नवागढ़, पामगढ़ और अकलतरा विकासखंड के लिए उपलब्ध कराई गई तीन नई एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन एंबुलेंसों के शुरू होने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पहले की तुलना में अधिक तेजी और सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष जांजगीर-नैला रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य उमा राठौर, अमर सुलतानिया, इंजी. रवि पांडेय, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा विभिन्न खेल संघों, लायंस क्लब, पतंजलि योग समिति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्कूली बच्चों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

स्वस्थ समाज निर्माण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने सभी के स्वस्थ, निरोग और सुखद जीवन की कामना करते हुए “जय भारत, जय छत्तीसगढ़, जय योग” का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button