अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की सख़्त कार्रवाई पिपरदा–पुछेली रेत खदान क्षेत्र में छापेमारी, 1 जेसीबी व 4 हाईवा जब्त


जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पिपरदा–पुछेली स्थित रेत खदान क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध रेत गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की। जांच के दौरान खनिज रेत के अवैध उत्खनन, लोडिंग एवं परिवहन में संलग्न एक जेसीबी एक्सकेवेटर मशीन तथा चार हाईवा वाहन मौके पर पाए गए। खनिज अधिकारी के अनुसार, जांच दल द्वारा जेसीबी मशीन को जब्त कर पुलिस थाना बम्हनीडीह की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है। वहीं, हाईवा वाहनों पर नियमानुसार नोटिस चस्पा किए गए हैं। प्रकरण में खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन का मामला दर्ज किया गया है।
दर्ज प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, नियमानुसार संबंधित वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कड़ी कार्रवाई भी प्रस्तावित है।





