सोनाईडीह से विकसित भारत जी-राम-जी योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ, इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा- 125 दिन का रोजगार और 300 रुपए प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी

तिरुपति से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का हुआ Virtual प्रसारण, योजना के माध्यम से गांवों को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया गया जोर।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
विकसित भारत जी-राम-जी योजना के राष्ट्रीय शुभारंभ के तहत गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाईडीह में जिला स्तरीय जन सम्मेलन-सह-शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। इस दौरान आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का Virtual प्रसारण भी देखा और सुना गया।
इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने रोजगार और विकास पर दिया जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और CM विष्णुदेव साय की मंशा गांव-गांव तक विकास पहुंचाने और अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने की है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को 125 दिनों का रोजगार और 300 रुपए प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी, जिससे ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होंगे और गांव आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

पारदर्शिता के साथ होंगे विकास कार्य
इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि योजना का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। जल संरक्षण, जल संचयन और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो और गांवों में स्थायी विकास को बढ़ावा मिले। उन्होंने ग्रामीणों से योजना के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।
ग्रामीणों को गांव में ही मिलेगा रोजगार
जिला पंचायत सदस्य मोहन कुमारी साहू ने कहा कि योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से पलायन में कमी आएगी। वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीषा चौहान ने कहा कि इस योजना से गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में के.के. चंद्रा, रूपा सिंह देव, उत्तरा सिदार, अमिता लहरे, सुरेश साहू, गोकुल जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के CEO गोकुल रावटे, जनपद पंचायत के CEO सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण नागरिक, महिलाएं और श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।





