पामगढ़: विधायक शेषराज हरबंश की संवेदनशील पहल, विधायक निधि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगेगा आधुनिक डेड बॉडी फ्रीजर

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी। अब शव संरक्षण के लिए परिजनों को जिला अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। पामगढ़ सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जल्द ही शव संरक्षण की आधुनिक सुविधा मिलने जा रही है। विधायक शेषराज हरबंश की पहल पर विधायक निधि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में आधुनिक डेड बॉडी फ्रीजर (मर्चुरी यूनिट) स्थापित किया जाएगा। इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। अब तक दुर्घटना, असामयिक मृत्यु अथवा पोस्टमार्टम जैसी परिस्थितियों में शव को सुरक्षित रखने के लिए परिजनों को जिला अस्पताल जांजगीर या अन्य स्थानों तक जाना पड़ता था। इससे आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ शोकाकुल परिवारों को मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता था।
संकट की घड़ी में मिलेगी बड़ी राहत
नई सुविधा शुरू होने के बाद पामगढ़ सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही शव संरक्षण की सुविधा मिल सकेगी। इससे अनावश्यक भागदौड़ समाप्त होगी और संकट की घड़ी में परिवारों को सम्मानजनक एवं त्वरित सहायता मिल सकेगी।
‘जनता का दर्द ही मेरी प्राथमिकता’ : विधायक शेषराज हरबंश
विधायक शेषराज हरबंश ने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद या चुनाव तक सीमित नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से इस सुविधा की मांग रखी थी। अपनों को खोने के बाद किसी परिवार को शव संरक्षण जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान होना पड़े, यह उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि जनता की आवश्यकता को देखते हुए विधायक निधि से तत्काल डेड बॉडी फ्रीजर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उनका प्रयास विकास कार्यों के साथ-साथ मानवीय जरूरतों को भी समान प्राथमिकता देना है।
क्षेत्रवासियों ने किया स्वागत
क्षेत्रवासियों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित, मानवीय संवेदना और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। स्वास्थ्य केंद्र में यह सुविधा शुरू होने से पामगढ़ सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।



