क्राइमरायपुर

रायपुर: दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर कारोबारी को ब्लैकमेल करने के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार

शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस की कार्रवाई, रुपये वसूलने और लगातार ब्लैकमेल करने का आरोप।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।

नौकरी और ब्यूटी पार्लर के नाम पर बढ़ाया संपर्क

पुलिस के मुताबिक, शंकर नगर स्थित न्यू सेल्स टैक्स कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय कारोबारी की मई 2026 में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से मुलाकात हुई थी। शिकायत के अनुसार, परिचय बढ़ने के बाद दोनों ने नौकरी और ब्यूटी पार्लर खोलने के नाम पर आर्थिक मदद मांगनी शुरू की।

नशीली सिगरेट पिलाने और फोटो-वीडियो बनाने का आरोप

कारोबारी ने शिकायत में आरोप लगाया कि 14 जून को दोनों आरोपियों ने उसे मिलने बुलाया और कार में नशीली सिगरेट पिलाई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद घर छोड़ने के बहाने उसके साथ जाकर फोटो और वीडियो बना लिए।

25 हजार रुपये वसूलने का आरोप

शिकायत के अनुसार, फोटो और वीडियो के आधार पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने और बदनाम करने की धमकी देकर आरोपियों ने रुपये की मांग शुरू कर दी। कारोबारी का आरोप है कि बदनामी के डर से उसने 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास 25 हजार रुपये नकद दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने लगातार बड़ी रकम की मांग जारी रखी।

कार्यालय पहुंचकर भी दी धमकी

पीड़ित के अनुसार, 1 जुलाई को दोनों आरोपी उसके कार्यालय के बेसमेंट तक पहुंचे और कार से पैसों से भरा बैग निकालने का प्रयास किया। वहीं 10 जुलाई को कार्यालय में पहुंचकर कर्मचारियों के सामने गाली-गलौज करते हुए दोबारा रुपये की मांग की और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

प्रारंभिक जांच के बाद गिरफ्तारी

सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने बताया कि शिकायत की जांच के दौरान ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के प्राथमिक साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

Related Articles

Back to top button