जाँजगीर -चाँपा

प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण

परसाही नाला और अमलीपाली में निर्माणाधीन आवासों का जायजा लेकर गुणवत्ता, समय-सीमा और मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेग्रीगेशन शेड का भी निरीक्षण किया।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय कुमार पोयाम ने जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत परसाही नाला एवं अमलीपाली का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, मजदूरी भुगतान और योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को 90 दिवस की अकुशल श्रमिक मजदूरी का लाभ अनिवार्य रूप से दिलाया जाए तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र परिवार को गुणवत्तापूर्ण पक्का आवास उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

सीईओ ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने लंबित और धीमी प्रगति वाले आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने, प्रत्येक निर्माण स्थल का नियमित निरीक्षण करने तथा हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करने और प्रगति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।

सेग्रीगेशन शेड का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान श्री पोयाम ने ग्राम पंचायत अमलीपाली में संचालित सेग्रीगेशन शेड का निरीक्षण कर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कचरे के पृथक्करण, संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने, सेग्रीगेशन शेड का नियमित संचालन तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ सहित जिला एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

10026389834124030020629384192

Related Articles

Back to top button