Chhattisgarhशिक्षा

मुख्यमंत्री साय ने नीट क्वालिफाई विद्यार्थियों से साझा किया विकसित छत्तीसगढ़ का विजन

प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद, संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज सेवा का दिया संदेश

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि गरीब एवं आदिवासी समुदाय के विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जिनका उद्देश्य दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण को दिया।

संवेदनशील डॉक्टर बनने का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर का स्थान समाज में भगवान के बाद माना जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, व्यवहारिक और मिलनसार डॉक्टर बनने का आह्वान करते हुए कहा कि मरीज के प्रति अच्छा व्यवहार भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।

शिक्षा और अवसरों पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेशभर में नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं तथा 34 नए नालंदा परिसर निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा ट्रायबल यूथ हॉस्टल में सीटों की संख्या बढ़ाकर विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे एमबीबीएस की 250 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।

img com 2026080218242583533316971544739735234

विद्यार्थियों के सवालों के दिए जवाब

img com 2026080218242571212970649765095869104

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल, पर्यटन, सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे। मुख्यमंत्री ने नई शिक्षा नीति, रोजगार के अवसर, पर्यटन विकास, खेल सुविधाओं, कृषि, उद्योग, तकनीक आधारित प्रशासन और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।

नशामुक्ति और सुशासन पर दिया जोर

img com 202608021824258904764538645395863465

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत हैं।

मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन 1076 और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन माध्यमों से शासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा है।

img com 2026080218242579025323833679542890441

Related Articles

Back to top button