छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली समीक्षा बैठक: बांगो से पानी छोड़े जाने के बाद हसदेव नदी के जल स्तर पर सतत निगरानी के निर्देश

जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं, पुल-पुलिया के ऊपर पानी बहने पर आवागमन रोकने की हिदायत; पीएम सूर्यघर योजना व कचरा प्रबंधन में तेजी लाने के आदेश

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और आमजन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने मिनीमाता हसदेव बांगो परियोजना से पानी छोड़े जाने के बाद नदियों के जल स्तर की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि बांगो परियोजना से 49,484 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे तटीय इलाकों में जल स्तर बढ़ा है, लेकिन आवक में कमी आने के कारण वर्तमान में बाढ़ या खतरे की कोई स्थिति नहीं है।

जल भराव वाले पुल-पुलियों पर आवागमन रोकने के निर्देश

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग व राजस्व अमले को नदी-नालों के जल प्रवाह पर 24 घंटे निगरानी रखने और अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन एनीकट या रपटों के ऊपर से पानी बह रहा हो, वहां तत्काल बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोकी जाए। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और अफवाहों से बचते हुए केवल अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करें। इसके साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश दिए गए।

पीएम सूर्यघर योजना और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापना में तेजी लाने और हितग्राहियों को अनुदान दिलाने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए। वहीं नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद सीईओ को कचरा प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त करने, सेग्रीगेशन शेड को क्रियाशील रखने तथा गीले-सूखे कचरे का शत-प्रतिशत पृथक्करण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कलेक्टर ने पीएम आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, ई-ऑफिस प्रणाली सहित शिक्षा, खाद्य, पंचायत एवं पशु चिकित्सा विभाग के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तम्बोली, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button