हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार: नैला पुलिस ने निकाला जुलूस, भेजा जेल

सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार दिखाकर लोगों को डराने की कर रहे थे कोशिश; पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दबोचा।
जांजगीर चाम्पा। जांजगीर कोतवाली अंतर्गत चौकी नैला क्षेत्र में राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले दो असामाजिक तत्वों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों का बाजार में पैदल जुलूस निकाला।
अलग-अलग स्थानों से पुलिस ने दबोचा
पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक राहगीरों को हथियार दिखाकर आतंकित कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जूना तालाब और भाठापारा क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से दर्रीपारा नैला निवासी मुकेश सूर्यवंशी (21 वर्ष) और वार्ड क्रमांक 5 नैला निवासी किशन कुमार सूर्यवंशी (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर 2 नग धारदार हथियार जब्त किए।
आर्म्स एक्ट के तहत पहुंचे जेल
समय रहते पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में कोई गंभीर आपराधिक घटना होने से टल गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन, कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन और चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कँवर के नेतृत्व में सउनि शेख सफीउल्लाह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, राधेश्याम पूर्णा, आरक्षक संतोष प्रधान और गोपेश्वर सिंह का सराहनीय योगदान रहा।




