Chhattisgarhnationalजाँजगीर -चाँपा

432 गांवों में एक साथ बंधी ‘साइबर जागृति की राखी’, जांजगीर-चांपा पुलिस का अभियान गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

1.50 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश, रक्षाबंधन पर पुलिस की अनूठी पहल ने बनाया रिकॉर्ड

जांजगीर-चांपा। 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस के “एक राखी साइबर जागृति की” अभियान ने जिले में साइबर जागरूकता की नई मिसाल कायम की। अभियान के तहत जिले के 432 गांवों समेत शहरी वार्डों, शासकीय कॉलेजों, हायर सेकेंडरी स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में एक साथ लोगों को ‘साइबर जागृति की राखी’ बांधी गई। पुलिस के अनुसार, इस अभियान के जरिए 1 लाख 50 हजार से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

img com 2026082718121726211650216357775434515

राखी के साथ लिया साइबर सुरक्षा का संकल्प

जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह जांजगीर के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने राखी के पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह राखी रक्षा का संकल्प है, उसी तरह सभी को एक-दूसरे को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए।

432 गांवों में एक साथ गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश

img com 2026082718121733125041682543311575834

अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस, ग्राम कोटवार और महिला कमांडो ने जिले के 432 गांवों सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों को ‘साइबर जागृति की राखी’ बांधी। इस दौरान लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की शपथ भी दिलाई गई अभियान में महिला कमांडो, महिला स्व-सहायता समूहों और जिला जेल के बंदियों का भी योगदान रहा। साइबर जागरूकता से जुड़ी राखियां तैयार करने में इनकी सहभागिता रही।

OTP और बैंक डिटेल साझा नहीं करने की अपील

img com 2026082718121751455137729846503177105

पुलिस ने आमजन को साइबर ठगी से बचने के लिए फर्जी लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान कॉल पर OTP या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी बताया गया।

img com 2026082718121741435878254991669807730

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ अभियान

जांजगीर-चांपा पुलिस की इस व्यापक पहल का गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि द्वारा सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में एक साथ साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाने और बड़ी संख्या में लोगों को ‘साइबर जागृति की राखी’ बांधने की पहल को रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। कार्यक्रम के दौरान गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, छत्तीसगढ़ की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा द्वारा पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।

जिला स्तर के कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रहे उपस्थित

समारोह में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, साइबर प्रभारी भास्कर शर्मा सहित पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

img com 2026082718121746541702771907380061900

जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को साइबर सुरक्षा के संदेश से जोड़ते हुए गांव से शहर तक लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने का संदेश दिया।

“राखी का बंधन, साइबर सुरक्षा का संकल्प—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

Related Articles

Back to top button