Chhattisgarh

रक्षाबंधन पर ‘विष्णु भैया’ को बहनों ने बांधी राखी, मुख्यमंत्री साय ने केरसई को दी विकास की कई सौगातें

घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई में मिनी स्टेडियम और तालाब सौंदर्यीकरण की घोषणा, 84.69 लाख के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

img com 2026082718335592835905874711898687156

जशपुर। 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पहुंचने पर क्षेत्र की बहनों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों से संवाद कर उनकी बातें सुनीं और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह के साथ विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का पर्व भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताओं और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उनके लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने बहनों से कहा कि उनके द्वारा दिए गए स्नेह और विश्वास को बनाए रखना उनका दायित्व है तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

केरसई को मिली विकास की कई सौगातें

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों के अनुरूप कई विकास कार्यों की घोषणा की। घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण और केरसई में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई। इसके साथ ही केरसई एवं घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों के जीर्णोद्धार, मुख्य मार्ग से अरुण के घर तक सीसी सड़क, ग्राम पंचायत कोहपानी के गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन तथा ग्राम ऊपरकछार में महतारी सदन बनाने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने केरसई में लगभग 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और सामुदायिक भवन सहित आवश्यक अधोसंरचनाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की नीतियों के केंद्र में माताओं और बहनों का सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने ड्रोन दीदियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं आधुनिक तकनीक से जुड़कर आय के नए अवसर प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जशपुर जिले की बहनों को 50 ई-रिक्शा प्रदान किए जाने से उनके लिए स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर खुलेंगे।

किसान और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र गरीब परिवारों के लिए पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों को धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से विकास को गति

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से प्रदेश के दूरस्थ और प्रभावित क्षेत्रों में विकास का नया वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क, राशन और दूरसंचार जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें इस माध्यम से सीधे दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना का लाभ लेने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सौर पैनल लगवाने का भी आग्रह किया।

जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज सहित एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

img com 2026082718335574412501968819606539522

विष्णु भैया’ के रूप में मिला बहनों का स्नेह

पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरे प्रदेश की बहनों के ‘विष्णु भैया’ हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व्यस्त कार्यक्रम के बीच बहनों के बीच पहुंचकर राखी बंधवा रहे हैं और उनसे आत्मीय संवाद कर रहे हैं।विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं और जशपुर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत बालिका आयुषी को पासबुक प्रदान की गई। वहीं स्वामित्व योजना के तहत कौशल्या पैंकरा, कमला बाई, लालो, ज्योति बाई और सुमेत्रा खैरवार को आवासीय पट्टे वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपए का चेक भी प्रदान किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से संवाद कर आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

img com 2026082718335583626863962061134194561

Related Articles

Back to top button