क्राइमजाँजगीर -चाँपा

पुरानी रंजिश में छोटे भाई ने लाठी से किया बड़े भाई-भाभी पर जानलेवा हमला: पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

ग्राम कोसला की घटना, विवाद बढ़ने पर बांस की लाठी से किया हमला; BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा। 30 अगस्त 2026। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसला में पुरानी रंजिश के चलते छोटे भाई द्वारा अपने ही बड़े भाई और भाभी पर लाठी से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटे भाई जनकराम साहू (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

विवाद बढ़ने पर लाठी से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला निवासी जनकराम साहू का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जनकराम ने बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी के सिर पर भी आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।

गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर, बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल पामगढ़ पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 360/2026, धारा 109(1) एवं 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

आरोपी भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जनकराम साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सउनि प्रमोद महार, मप्रआर मंजू सिंह, श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, शिवप्रसाद बघेल, वीरेंद्र सूर्यवंशी, ओमप्रकाश कुर्रे, हरप्रसाद सिन्हा, मआर जयंती लहरे एवं सैनिक अनिल दिनकर की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button