बलौदा में ₹15.87 लाख की बड़ी चोरी का खुलासा: जेवर खरीददार सोनार और महिला सहित 4 गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी पकड़े गए

अलमारी तोड़कर पार किए थे जेवरात; पुलिस ने रानी हार, चोकर हार, सोने-चांदी के गहने व नकदी की बरामद
जांजगीर-चांपा। 31 अगस्त 2026। जिले के थाना बलौदा क्षेत्र अंतर्गत सोनार मोहल्ला में रात्रि के समय घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम चोरी करने के बड़े मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बलौदा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला व चोरी का माल खरीदने वाले सराफा कारोबारी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख 87 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात तथा नगद रकम बरामद कर ली गई है।
कमरे की कुंडी बंद कर आलमारी से उड़ाए थे जेवर
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नवीन सोनी (निवासी वार्ड क्रमांक 07, सोनार मोहल्ला बलौदा) अपने परिवार के साथ घर में सोए हुए थे। सुबह जब वे जागे तो उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। किसी तरह दरवाजा खुलवाकर जब दूसरे कमरे में जाकर देखा गया, तो आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई थी तथा लॉकर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नगदी गायब थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
सीसीटीवी व साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण की मदद से संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने नाबालिगों के साथ मिलकर घर में घुसकर चोरी करने और चोरी के जेवरात को महिला आरोपी संगीता जगत के जरिए अकलतरा के सोनार सुमित अग्रवाल को बेचने की बात स्वीकार की।
15.87 लाख का मसरूका बरामद
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए रानी हार, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, सोने की धातु, चांदी की चैन, चांदी की पायल एवं 7,000 रुपये नगद सहित कुल लगभग 15.87 लाख रुपये का मसरूका बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- आयुष आदित्य उर्फ आशु (उम्र 26 वर्ष), निवासी बलौदा
- जीतु देवार (उम्र 20 वर्ष), निवासी बलौदा
- सुमित अग्रवाल (उम्र 41 वर्ष), निवासी अकलतरा (खरीददार सोनार)
- संगीता जगत (उम्र 36 वर्ष), निवासी बलौदा (इसके अतिरिक्त 3 विधि से संघर्षरत बालकों को भी संरक्षण में लिया गया है)
इस त्वरित खुलासे व बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा एवं साइबर थाना जांजगीर की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




