भारत राइस मिल नैला में 13 से 20 सितंबर तक श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ, गोस्वामी गोविंद बाबा कराएंगे कथा का रसपान

बसईवाल परिवार के आयोजन में 13 सितंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा, प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से होगा कथा का आयोजन
🔴 नैला-जांजगीर। बसईवाल परिवार द्वारा भारत राइस मिल नैला में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन 13 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी। भागवत मर्मज्ञ पूज्य श्री गोस्वामी गोविंद बाबा, मथुरा द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। आयोजन का शुभारंभ 13 सितंबर को सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा श्री कृष्ण गौशाला नैला से प्रारंभ होकर कथा स्थल भारत राइस मिल नैला तक पहुंचेगी। इसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के दौरान श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया जाएगा।
कथा में प्रतिदिन होंगे विभिन्न धार्मिक प्रसंग
कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को श्रीमद् भागवत महात्म्य, 14 सितंबर को कुंती स्तुति एवं परीक्षित जन्म का प्रसंग होगा। 15 सितंबर को सती चरित्र, ध्रुव चरित्र एवं नृसिंह अवतार का वर्णन किया जाएगा। 16 सितंबर को श्री बलि वामन प्रसंग, श्री राम चरित्र एवं श्री कृष्ण जन्मोत्सव होगा।
17 सितंबर को कृष्ण बाल लीलाएं, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा। 18 सितंबर को महारास, उद्धव-गोपी संवाद एवं श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह का प्रसंग रखा गया है। 19 सितंबर को सुदामा चरित्र, सुखदेव जी की विदाई, व्यास पूजा एवं फूलों की होली, हवन होगा। 20 सितंबर को गीतापाठ एवं पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।
14 अक्टूबर को भंडारा प्रसादी
आयोजन के अनुसार भंडारा प्रसादी का कार्यक्रम 14 अक्टूबर 2026, बुधवार को दोपहर से भारत राइस मिल नैला में आयोजित किया जाएगा।
बसईवाल परिवार की ओर से क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में श्रीमद् भागवत कथा में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।



