ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण, सशक्त हुई देश की भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्लोबल साउथ की आवाज बना भारत; 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी पूरे देश के लिए गौरव का क्षण
🔴 रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक अत्यंत विश्वसनीय और प्रभावशाली शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। वर्ष 2026 में ब्रिक्स (BRICS) की अध्यक्षता और 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी मिलना देश की बढ़ती वैश्विक साख और नेतृत्व क्षमता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह बात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कही।
ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को वैश्विक मंच पर मिला स्वर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रत्येक भारतवासी के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत आज केवल अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा ही नहीं कर रहा, बल्कि विकासशील देशों और ‘ग्लोबल साउथ’ की प्राथमिकताओं व आकांक्षाओं को अंतरराष्ट्रीय पटल पर पूरी मजबूती के साथ उठा रहा है। भारत की यह अध्यक्षता विश्व भर में सहयोग, नवाचार और सतत विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आतंकवाद पर भारत का मॉडल बनी मिसाल
श्री साय ने रेखांकित किया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख सदैव स्पष्ट और बेहद कड़ा रहा है। इसके साथ ही देश का डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के जरिए आम नागरिक के जीवन स्तर में सुधार का मॉडल आज पूरी दुनिया के लिए नजीर बन चुका है। ब्रिक्स जैसे शक्तिशाली बहुपक्षीय मंच इन सफल अनुभवों और विकास की संभावनाओं को साझा करने का सशक्त माध्यम बनेंगे।
राज्यों में बढ़ेंगे निवेश, तकनीक और रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत होती स्थिति से राज्यों के लिए भी निवेश, आधुनिक प्रौद्योगिकी और रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं। ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ कदमताल करते हुए छत्तीसगढ़ भी ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत का यह नेतृत्व वैश्विक सहयोग को गहरा करने और साझा समृद्धि की राह प्रशस्त करने में ऐतिहासिक साबित होगा।



