हसदेव नदी के पास रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा। जिले के हसदेव नदी के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बिरंगहनी गांव निवासी आनंद राम महंत के रूप में की गई है। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के कारण इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब स्थानीय लोग हसदेव नदी की ओर गए, तब उन्होंने रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों और ग्रामीणों की मदद से उसकी पहचान आनंद राम महंत (निवासी बिरंगहनी) के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर चल रही है। युवक ट्रैक तक कैसे पहुँचा और उसकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।




