सुशासन तिहार में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, मौके पर हुआ कई मामलों का निराकरण

खरौद और खैजा में आयोजित शिविरों में हितग्राहियों को बांटे गए प्रमाण पत्र, चेक और सामग्री
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर पंचायत खरौद एवं विकासखंड बलौदा के ग्राम पंचायत खैजा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
खरौद नगर पंचायत सभाकक्ष और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खैजा में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं व मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में आबादी भूमि अधिकार पत्र, बी-1 खसरा, वोटर आईडी, किसान किताब, नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, आइस बॉक्स एवं जाल सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत सामग्री वितरित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में हुई विभिन्न जांच
सुशासन तिहार के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सिकल सेल, हीमोग्लोबिन एवं ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
ग्राम पंचायत खैजा में आयोजित शिविर में मांग एवं शिकायत से जुड़े कुल 1686 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के लिए भेजा गया है।
समय-सीमा में होगा निराकरण : कलेक्टर

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का पारदर्शिता और समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है तथा निराकरण की जानकारी हितग्राहियों को दी जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, खाद-बीज वितरण, नैनो यूरिया के उपयोग और ई-केवाईसी के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




