हरिलीला चेरिटेबल ट्रस्ट ने गुरु पूर्णिमा पर शुरू किया हरियाली अभियान, बनारी में रोपे गए 500 पौधे

कलेक्टर जन्मेजय महोबे की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और गुरुजनों का सम्मान किया गया।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के बनारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में हरिलीला चेरिटेबल ट्रस्ट, बनारी एवं श्री श्याम वेयरहाउसिंग एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनभागीदारी के साथ 500 पौधों का रोपण किया गया तथा विद्यालय के गुरुजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में शामिल कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर इस प्रकार का वृक्षारोपण अभियान प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है।
संरक्षण पर दिया गया जोर
हरिलीला चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण को भी उतना ही आवश्यक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख करने का आह्वान किया। ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरुजनों के प्रति श्रद्धा का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्व निभाने का भी अवसर है। इस दौरान उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
गुरुजनों का सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय के गुरुजनों का सम्मान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम को बनारी सरपंच देवनारायण सिदार, प्राचार्य डॉ. शालिनी श्रीवास्तव एवं व्याख्याता केशव साहू ने भी संबोधित किया। संचालन प्रकाश शर्मा ने तथा आभार प्रदर्शन साकेत तिवारी ने किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




