कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर: खाद-बीज वितरण में गड़बड़ी पर कृषि विभाग का एक्शन

जिलेभर में औचक निरीक्षण, 13 विक्रेताओं को नोटिस; 49 क्विंटल बीज की बिक्री पर रोक

जांजगीर-चांपा। जिले में खाद और बीज वितरण में अनियमितता रोकने कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश और उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में 27 मई 2026 को जिलेभर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल ने 28 उर्वरक प्रतिष्ठानों और 14 बीज विक्रेताओं के यहां जांच की। निरीक्षण के दौरान भंडारण और वितरण में अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत 9 उर्वरक प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

10023851954923743243220729111

वहीं बीज अधिनियम 1966 एवं बीज नियम 1968 के तहत 3 बीज विक्रेताओं को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा नवागढ़ विकासखंड के पेण्ड्री स्थित मेसर्स रोहित कृषि केन्द्र में 49 क्विंटल बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

जिले में पर्याप्त खाद और बीज उपलब्ध

कृषि विभाग के अनुसार जिले में किसानों के लिए खाद और बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जिले में 19,150 क्विंटल बीज की मांग के विरुद्ध अब तक 15,639 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है। इनमें से 4,590 क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया गया है।

इसी प्रकार जिले में 65,330 मैट्रिक टन उर्वरक वितरण लक्ष्य के मुकाबले 28,464 मैट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया गया है। इनमें 11,787 मैट्रिक टन उर्वरकों का अग्रिम उठाव किसानों द्वारा किया जा चुका है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सहकारी एवं निजी विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। अनियमितता मिलने पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button