अकलतरा पुलिस की जुआरियों पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: कोटगढ़ और बाना में ताबड़तोड़ दबिश, 3 मामलों में 11 जुआरी गिरफ्तार; ₹50 हजार से अधिक नगद जब्त

काटपत्ती का दांव लगाते रंगे हाथ पकड़े गए जुआरी; एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अकलतरा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ग्राम कोटगढ़ और बाना में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बावन पत्ती पर दांव लगा रहे 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के फड़ और कब्जे से कुल ₹50,300 नगद, 52 पत्ती ताश और बोरा-फट्टी बरामद कर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
अकलतरा पुलिस ने की घेराबंदी
अकलतरा थाना क्षेत्र में जुआ खेले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच 7 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार, ग्राम कोटगढ़ में दो स्थानों पर तथा ग्राम बाना में एक सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग खुलेआम काटपत्ती नामक जुआ खेलकर मोटी रकम का दांव लगा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्ड एवं एसडीओपी डॉ. मेघलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू और प्रशिक्षु उप निरीक्षक नितिन चंद्रवंशी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया और चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापा मारा गया।
3 मामलों में 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, ₹50,300 नगद बरामद
पुलिस टीमों ने कोटगढ़ और बाना में जुए के अड्डों को चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से फड़ पर भगदड़ मच गई, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर कुल 11 जुआरियों को धर दबोचा। तीन अलग-अलग प्रकरणों में की गई इस कार्रवाई के दौरान फड़ और आरोपियों की जामा तलाशी में कुल ₹50,300 नगद, ताश की गड्डियां और बोरा फट्टी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम
पुलिस की गिरफ्त में आए सभी 11 आरोपी स्थानीय ग्रामीण हैं:
- दिलीप टंडन (40 वर्ष), पिता बड़कू राम
- राजकुमार मिरी (35 वर्ष), पिता तिरथराम मिरी
- श्याम कार्तिक (38 वर्ष), पिता राजकुमार साण्डे
- अजय कंवट (39 वर्ष), पिता रनमत कंवट
- कुश कुमार अंचल (29 वर्ष), पिता अर्जुन लाल
- अमरकांत कुर्रे (30 वर्ष), पिता सिपाही लाल
- शिव कुमार (38 वर्ष), पिता भागवत प्रसाद
- सोमू भारती (23 वर्ष), पिता सुनील भारती
- मनीराम साण्डे (42 वर्ष), पिता मुकुन्दराम
- विवेकी मिरी (32 वर्ष), पिता चंदूलाल
- बाली कुमार कंवर (44 वर्ष), पिता व्यासनारायण (सभी आरोपी ग्राम कोटगढ़ एवं ग्राम बाना, थाना अकलतरा के निवासी हैं)




