क्राइमजाँजगीर -चाँपा

दीपावली से पहले मेंहदी में जुए की फड़ पर पुलिस का छापा: 5 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार, ताश के पत्ते और नगदी बरामद

राहौद सहायता केंद्र पुलिस की त्वरित कार्रवाई; छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज

🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। जिले में आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जुआ और सट्टा जैसी असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना शिवरीनारायण अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र राहौद की टीम ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर ग्राम मेंहदी में चल रहे जुए के फड़ पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर पांच जुआरियों को धर दबोचा।

घेराबंदी कर पांच आरोपियों को मौके से पकड़ा

मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद राहौद पुलिस टीम ने ग्राम मेंहदी में जुआ खेल रहे लोगों के ठिकाने को चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई इस पुलिसिया रेड से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दांव लगा रहे पांच आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान फड़ और आरोपियों के पास से 52 पत्ती ताश और 3,100 रुपये नगद बरामद कर विधिवत जब्त किए गए।

ये आरोपी किए गए गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजू चौहान, मोहन चौहान, चेतन चौहान, साहिल सुमन (सभी निवासी ग्राम मेंहदी, थाना शिवरीनारायण) और मलेस केवट (निवासी राहौद, थाना शिवरीनारायण) को विधिवत गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय एवं उनकी टीम के जवानों की सक्रिय भूमिका रही। जांजगीर-चांपा पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी जुआ, सट्टा या अन्य अवैध कार्य संचालित हो रहे हों, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button