Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

डोंगाकोहरौद में 27 अक्टूबर से गूंजेगी राम नाम की गूंज: 9 दिनों तक बहेगी भक्ति की बयार, अखंड नवधा रामायण की तैयारियां पूरी

26 को निकलेगी भव्य कलश यात्रा; दूर-दराज से पहुंचेंगी मानस मंडलियां, 5 नवंबर को हवन व ब्राह्मण भोज के साथ समापन

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। पामगढ़ विकासखंड के समीपस्थ ग्राम डोंगाकोहरौद में आगामी 27 अक्टूबर से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के पावन नाम की गूंज सुनाई देगी। गांव में भव्य एवं अखंड नवधा रामायण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर गांव में भक्तिमय माहौल बन चुका है और समस्त ग्रामवासी व हिंदू समाज इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

26 अक्टूबर को भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ

धार्मिक कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ 26 अक्टूबर को विशाल कलश यात्रा के साथ होगा। गांव की महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधानों में सिर पर मंगल कलश धारण कर गाजे-बाजे के साथ गांव का भ्रमण करेंगी। इसके उपरांत 27 अक्टूबर की प्रातः काल से अखंड नवधा रामायण पाठ की शुरुआत होगी।

सचिवालय परिसर में 9 दिनों तक चौपाइयों का निरंतर गायन

गांव के सचिवालय परिसर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 27 अक्टूबर से 4 नवंबर तक निरंतर रामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों का गायन चलेगा। इसमें जांजगीर-चांपा जिले सहित अन्य जिलों की प्रतिष्ठित मानस मंडलियां शामिल होंगी, जिन्हें समिति द्वारा आमंत्रित किया गया है। मंडलियों द्वारा मानस के प्रसंगों पर आधारित सुमधुर गायन और सारगर्भित प्रवचन प्रस्तुत किए जाएंगे।

आवास, भंडारा और मंडलियों के लिए यात्रा व्यय की व्यवस्था

आयोजन समिति ने बाहर से पधारने वाली सभी मानस मंडलियों के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। मंडलियों को दूरी के अनुसार यात्रा व्यय दिया जाएगा। इसके साथ ही उनके ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास और प्रतिदिन भोजन के लिए विशाल भंडारे का प्रबंध किया गया है, जिसमें ग्रामवासी पूरी श्रद्धा के साथ सहयोग दे रहे हैं।

5 नवंबर को हवन सहस्त्रधारा और ब्राह्मण भोज से पूर्णाहुति

लगातार नौ दिनों तक चलने वाले इस ज्ञान यज्ञ का विश्राम 4 नवंबर को होगा। इसके बाद 5 नवंबर को विधि-विधान से हवन, सहस्त्रधारा और ब्राह्मण भोजन के साथ इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन होगा। आयोजन समिति ने अंचल के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button