नैला दुर्गोत्सव 2026: ऐतिहासिक सफलता के बाद समिति ने कलेक्टर-एसपी का जताया आभार, स्मृति चिन्ह और प्रसाद देकर किया सम्मानित

राजेश पालीवाल के नेतृत्व में समिति पदाधिकारियों ने प्रशासनिक टीम को भेंट किए शॉल और श्रीफल; कलेक्टर बोले – पूरे प्रदेश के लिए मिसाल है नैला का आयोजन
🔴 जांजगीर-चांपा। आस्था, भव्यता और सांस्कृतिक वैभव के साथ संपन्न हुए वर्ष 2026 के ऐतिहासिक नैला दुर्गा उत्सव की शानदार सफलता के बाद श्रीश्री दुर्गा पूजा उत्सव सेवा समिति नैला ने जिला एवं पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। समिति के पदाधिकारियों ने राजेश पालीवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर उनका सम्मान किया और सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन में उनके अभूतपूर्व योगदान की सराहना की।
कलेक्टर, एसपी और यातायात प्रभारी का किया गया सम्मान
आयोजित सम्मान कार्यक्रम में समिति की ओर से जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार पांडे एवं यातायात प्रभारी उदयन बेहार सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें मां दुर्गा का महाप्रसाद सौंपकर आभार ज्ञापित किया गया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि 10 दिनों तक उमड़ी लाखों की भीड़ को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती थी। दिन-रात तैनात रहकर पुलिस और प्रशासन ने जिस मुस्तैदी से सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात का प्रबंधन संभाला, वह अत्यंत अनुकरणीय है। समिति के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि प्रशासन के सक्रिय सहयोग के बिना इतना बड़ा आयोजन निर्विघ्न संपन्न होना संभव नहीं था।
कलेक्टर ने की सराहना, बताया प्रदेश के लिए मिसाल
सम्मान के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने समिति के सेवा भाव और प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि नैला का दुर्गा पंडाल और यहां की व्यवस्थाएं पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक मिसाल बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि समिति और प्रशासन के बेहतर समन्वय का ही परिणाम है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन का लाभ मिला।

गौरतलब है कि इस वर्ष नैला में अमेरिका के प्रसिद्ध स्वामीनारायण मंदिर की 150 फीट ऊंची व 200 फीट चौड़ी नक्काशीदार प्रतिकृति बनाई गई थी। पंडाल के भीतर 35 फीट ऊंची हीरे-मोतियों व रत्नों से जड़ी मां दुर्गा की दिव्य प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस भव्य स्वरूप के दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचे थे।
इस सम्मान अवसर पर प्रमुख रूप से राजेश पालीवाल, पवन अग्रवाल, प्रदीप गोयल, मनोज (कालू) अग्रवाल, संदीप शर्मा, विक्रम पालीवाल, राकेश पालीवाल, अमिताभ शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे।




