Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों और पेंशनरों को साय सरकार का दीपावली तोहफा: DA और DR में 2% की बढ़ोतरी, 1 नवंबर से मिलेगा लाभ

58% से बढ़कर 60% हुआ महंगाई भत्ता; प्रदेश के 3.85 लाख कर्मियों और 1.50 लाख पेंशनरों को मिलेगा सीधा फायदा

🔴 रायपुर। दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनरों की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के लागू होने के बाद प्रदेश में महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। बढ़ी हुई दरें आगामी 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगी।

साढ़े पांच लाख परिवारों को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ

राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और करीब 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में की गई इस 2 प्रतिशत की वृद्धि से राज्य सरकार के खजाने पर लगभग 36 करोड़ रुपए प्रतिमाह तथा 432 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा।

त्योहारों की खुशियां दोगुनी करेगा निर्णय: मुख्यमंत्री साय

इस महत्वपूर्ण फैसले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व लिया गया यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत पहुंचाने के साथ ही उनके परिवारों में त्योहार की खुशियों और उल्लास को और बढ़ाएगा।

Related Articles

Back to top button