Chhattisgarhकोरबापॉलिटिक्सभ्रष्टाचार

ACB ग्रुप व SECL शिकायतों पर प्रदर्शन: कोरबा कलेक्ट्रेट पर भारतीय जनाधिकार पार्टी का धरना, 3 नवंबर को रायपुर में विरोध की चेतावनी

कोयला लिंकेज, रिजेक्ट कोल व प्रदूषण की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच की मांग; प्रशासन के माध्यम से शासन को सौंपा ज्ञापन

🔴 कोरबा। ACB ग्रुप, उससे जुड़ी कोलवाशरियों, रिजेक्ट कोल आधारित पावर प्लांटों और SECL से संबंधित जनहित शिकायतों पर कार्रवाई न होने के विरोध में भारतीय जनाधिकार पार्टी ने कोरबा कलेक्टर कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने कलेक्टर के माध्यम से शासन को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, सीबीआई (CBI) जांच एवं विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग की है।

मटेरियल बैलेंस और स्टॉक के फोरेंसिक ऑडिट की मांग

धरना स्थल पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व संयोजक दीपक दुबे ने कहा कि ACB ग्रुप और उसकी सहयोगी इकाइयों को लेकर लंबे समय से केंद्रीय व राज्य स्तर की नियामक संस्थाओं के समक्ष शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि कोलवाशरी से निकलने वाले रिजेक्ट कोल और पावर प्लांटों में उसके वास्तविक उपयोग के रिकॉर्ड का आमने-सामने मिलान कराया जाना चाहिए। इसके साथ ही लिंकेज से मिलने वाले उच्च गुणवत्ता वाले कोयले, मिडलिंग्स, स्लरी और बिजली उत्पादन का संपूर्ण ‘मटेरियल बैलेंस ऑडिट’ पारदर्शी तरीके से सामने आना जरूरी है। किसान-श्रमिक नेता कमल साव ने भी प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए केवल पत्राचार के बजाय ठोस जांच निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग की।

3 नवंबर को रायपुर में काले झंडे दिखाने का ऐलान

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विन्देश सिंह राठौर और सचिव मुकेश भारतीय ने चेतावनी दी कि यदि इन गंभीर मामलों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो पूर्व घोषणा के अनुसार आगामी 3 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री के रायपुर आगमन के दौरान काले झंडे दिखाकर लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराया जाएगा।

पदाधिकारियों ने कोल कंट्रोलर ऑर्गेनाइजेशन (CCO), SECL, पर्यावरण संरक्षण मंडल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम से भौतिक सत्यापन कराने तथा जल-वायु प्रदूषण और फ्लाई ऐश प्रबंधन की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग रखी।

धरने में युवा मोर्चा प्रदेश संयोजक संजय रत्नाकर, शैलेन्द्र गोपाल, जिला संयोजक दिनेश यादव, जिलाध्यक्ष सूरजभान दास बैरागी, प्रवक्ता कृष्णा टंडन, हेमंत पैगवार, प्रभु कश्यप, पुष्पेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button