जांजगीर-चांपा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर शुरू: सांसद कमलेश जांगड़े ने किया शुभारंभ

60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को मिलेगा स्वास्थ्य, योग, फिजियोथेरेपी, भोजन और मनोरंजन का लाभ; अतिथियों ने खेला कैरम
🔴 जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानपूर्ण और आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जांजगीर-चांपा जिले में एक नई शुरुआत हुई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए स्थापित ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर का विधिवत शुभारंभ सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने किया। इस केंद्र के माध्यम से जिले के बुजुर्गों को सामाजिक सहभागिता, मनोरंजन और नियमित स्वास्थ्य देखभाल की सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

स्वास्थ्य जांच, योग और फिजियोथेरेपी की रहेगी विशेष व्यवस्था
‘सियान गुड़ी’ में वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग, प्राणायाम, फिजियोथेरेपी तथा नियमित प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही बुजुर्गों के लिए पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार तथा भोजन की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। शुभारंभ अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम और लूडो खेलकर आत्मीय पल बिताए और उनके जीवन अनुभवों को साझा किया।
बुजुर्गों को अकेलेपन से दूर रखेगा केंद्र: सांसद कमलेश जांगड़े

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘सियान गुड़ी’ के माध्यम से बुजुर्गों को एक संवेदनशील और बेहतर मंच प्रदान किया गया है। यह केंद्र बुजुर्गों को अकेलेपन से उबारकर उन्हें सक्रिय व खुशहाल जीवन जीने का अवसर देगा। विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि इस केंद्र से बुजुर्गों को मनोरंजन और स्वास्थ्य के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में आपसी संवाद और मेलजोल के लिए यह केंद्र अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, इंजी. रवि पांडेय, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।



