जांजगीर में चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने किया हथियार जब्त

मुखबिर की सूचना पर केरा रोड स्थित खोखरा नहर पुल के पास पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी हिमांशु डहरिया उर्फ मोनू को पकड़ा। उसके कब्जे से एक चाकू जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
🔴 जांजगीर चाम्पा। जांजगीर में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने और धमकाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू जब्त किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को सिटी कोतवाली पुलिस की टीम थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केरा रोड स्थित खोखरा नहर पुल के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को मारने के लिए दौड़ा रहा है और चाकू लहराकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंण्डेन यॉर्क और सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम मौके पर रवाना की गई।
पुलिस टीम ने खोखरा नहर पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम हिमांशु डहरिया उर्फ मोनू, उम्र 22 वर्ष, निवासी भाटापारा जांजगीर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक संतुका खुटे और दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।



