छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

‘रन फॉर यूनिटी’ से गूंजा जांजगीर: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर कलेक्टर-एसपी संग दौड़ा पूरा शहर

नेताजी चौक से पटेल गार्डन तक निकली भव्य एकता दौड़; स्कूली बच्चों, पुलिस बल और जनप्रतिनिधियों ने दिया अखंड भारत का संदेश

🔴 जांजगीर-चांपा। देश की एकता और अखंडता के शिल्पकार, भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज जिला मुख्यालय जांजगीर में भव्य ‘एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस बल और स्कूली छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

नेताजी चौक से पटेल गार्डन तक निकाली गई दौड़

एकता दौड़ का शुभारंभ सुबह 07:00 बजे नेताजी चौक से हुआ। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले की मौजूदगी में यह दौड़ कचहरी चौक होते हुए मुख्य मार्ग से गुजरी। दौड़ का समापन हाईस्कूल मैदान के सामने स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल गार्डन में हुआ, जहां उपस्थित सभी अतिथियों और नागरिकों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान को किया याद

कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक और अतुलनीय योगदान को याद किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में ऐतिहासिक एकीकरण कर सरदार पटेल ने अखंड भारत की सुदृढ़ नींव रखी। उनका दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति निःस्वार्थ समर्पण आज भी हर देशवासी और युवा पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत है।

प्रशासनिक अमला और स्कूली छात्र रहे उपस्थित

इस गरिमामयी आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, जेल अधीक्षक डीडी टोंडर, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, अजाक थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी एवं कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान, गणमान्य नागरिक और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button