Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

किसान स्कूल में छत्तीसगढ़ की 36 भाजियों से रूबरू हुए लायंस स्कूल चांपा के 74 विद्यार्थी

बहेराडीह के देश के पहले किसान स्कूल में विद्यार्थियों ने देखीं जैविक खेती की इकाइयां, टेरेस गार्डनिंग, मधुमक्खी पालन और पारंपरिक धरोहरों का जाना महत्व

🔴 आज की बात | जांजगीर चाम्पा। किताबी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान विद्यार्थियों के सीखने का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से लायंस स्कूल चांपा के प्रबंधन ने कक्षा 9वीं के 74 छात्र-छात्राओं को बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण कराया। यहां विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की 36 प्रमुख भाजियों की इकाई सहित खेती-किसानी, जैविक उत्पादन और ग्रामीण नवाचारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को करीब से देखा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल परिसर में टेरेस गार्डनिंग, डेयरी, जैविक खाद निर्माण, गोमूत्र इकाई, गोबर गैस संयंत्र, केंचुआ पालन, जैविक कीटनाशक निर्माण, अजोला इकाई, अक्षय चक्र कृषि मॉडल और मधुमक्खी पालन इकाई का अवलोकन किया। इसके अलावा परिसर में सहेजी गई पारंपरिक वस्तुओं और विलुप्त होती धरोहरों के संग्रह को भी देखा।

भाजी के रेशों से बने कपड़े ने खींचा ध्यान

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए सबसे खास आकर्षण चेच भाजी और अमारी भाजी के रेशों से तैयार कपड़ा रहा। किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव ने बताया कि उनकी टीम के सलाहकार सदस्य रामाधार देवांगन ने इन भाजियों के रेशों से हैंडलूम के माध्यम से कपड़ा तैयार किया है।

पशु सखी पुष्पा यादव ने विद्यार्थियों को डेयरी प्रबंधन और डेयरी उत्पादों की जानकारी दी। वहीं, किसान स्कूल पहली बार पहुंचीं लायंस स्कूल चांपा की प्राचार्य अजिता व्ही.के. ने परिसर में मौजूद संग्रहालय ‘धरोहर’ की सराहना की। उन्होंने बताया कि यहां विलुप्त होती वस्तुओं को किसान स्कूल की टीम ने देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों के सहयोग से सहेजकर रखा है।

प्राचार्य ने कहा कि परिसर में छत्तीसगढ़ की 36 प्रमुख भाजियों की इकाई, चेच भाजी और अमारी भाजी के रेशों से बने कपड़े तथा अलसी, केला और भिंडी के रेशों से तैयार रंग-बिरंगी आकर्षक राखियां देखने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने पहली बार जंगली पीले गेंदा फूल और जंगली तीखी मिर्च की 12 प्रजातियों को भी देखा। मधुमक्खी पालन इकाई ने भी बच्चों को खासा प्रभावित किया।

खुमरी पहनकर ली सेल्फी, ग्रामीण नवाचारों को करीब से जाना

किसान स्कूल परिसर में भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने खुमरी पहनकर टीम के सदस्यों के साथ सेल्फी और तस्वीरें भी लीं। इस शैक्षणिक भ्रमण में लायंस स्कूल चांपा की प्राचार्य अजिता व्ही.के. के साथ शिक्षक शिवकुमार यादव, ओमप्रकाश पाण्डेय, नमन देवांगन और सुश्री जया अग्रवाल शामिल रहे। उनके साथ कक्षा 9वीं के 74 छात्र-छात्राओं ने किसान स्कूल की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया।

Related Articles

Back to top button