नरक चतुर्दशी पर आज मनेगा हनुमान विजयाभिनंदन दिवस, होंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान

दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में ध्वजारोहण व विशेष पूजा, शाम को सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन।
🔴 जांजगीर-चांपा। दीपावली महापर्व से एक दिन पूर्व चतुर्दशी तिथि पर काली चौदस के साथ-साथ हनुमान विजयाभिनंदन दिवस श्रद्धा और उल्लास से मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर जिले के प्रमुख मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी पूरी कर ली गई है।
मान्यता है कि कार्तिक चतुर्दशी के दिन ही हनुमान जी का जन्म हुआ था। इस दिन बुरी शक्तियों और नकारात्मक ऊर्जा से रक्षा के साथ आत्मबल की प्राप्ति के लिए पवनपुत्र हनुमान की विशेष आराधना की जाती है।
बुरी आत्माओं से रक्षा के लिए सरसों के तेल का दीपदान
जांजगीर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी पं. किरण कुमार मिश्रा ने बताया कि काली चौदस की रात प्रेत आत्माएं और नकारात्मक शक्तियां सर्वाधिक प्रभाव में मानी जाती हैं। इनसे सुरक्षा, आरोग्यता और शक्ति संचय के लिए इस दिन हनुमान जी की पूजा का विशेष विधान है।
शास्त्रों के अनुसार, चतुर्दशी के दिन संकटमोचन हनुमान जी के समक्ष सरसों के तेल का दीपक प्रज्वलित कर दीपदान करने से सभी प्रकार के भय, बाधाओं और अनिष्टकारी प्रभावों का नाश होता है।
दक्षिण मुखी मंदिर में ध्वजारोहण, शाम को सिंदूराभिषेक और सुंदरकांड
हनुमान विजयाभिनंदन के पावन अवसर पर श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर जांजगीर में दिनभर विभिन्न धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल विधिवत ध्वजारोहण एवं हनुमान जी के विशेष पूजन-अर्चन के साथ की जाएगी।
इसके पश्चात सायंकाल 6:00 बजे भगवान का भव्य सिन्दूराभिषेक किया जाएगा। शाम 7:00 बजे महाआरती संपन्न होगी, जिसके बाद 7:30 बजे से हनुमत भक्तों द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।



