महासमुंद में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल


बागबाहरा थाना क्षेत्र में एनएच-353 पर देवाशीष स्कूल के पास हुई दर्दनाक दुर्घटना
मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी एंबुलेंस, घायलों को किया गया रेफर
महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
देवाशीष स्कूल के पास अनियंत्रित हुई एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में एनएच-353 पर देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस व ग्रामीणों ने बाहर निकाले शव और घायल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और बागबाहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों के शवों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे पीड़ित
पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एंबुलेंस में सवार मरीज और अन्य सभी लोग ओडिशा के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।




