Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

जांजगीर में धान खरीदी की अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस ने निकाली चेतावनी रैली; कलेक्ट्रेट का घेराव कर दी NH जाम की चेतावनी

जबरन रकबा समर्पण, एग्रीस्टेक और भुइयां पोर्टल की तकनीकी खामियों को लेकर नाराज हैं किसान, चार विधायकों की मौजूदगी में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा। जिले में धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं और तकनीकी खामियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को चेतावनी रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की।

चारों विधायकों ने सरकार पर साधा निशाना

प्रदर्शन में अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू विशेष रूप से शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के कारण अन्नदाता अपने ही खेत की उपज बेचने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

पोर्टल की खामियां दूर करने और रकबा समर्पण रोकने की मांग

जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव तत्काल बंद किया जाए और रकबा संशोधन की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। इसके अलावा बचत धान का भौतिक सत्यापन पारदर्शी तरीके से कराने तथा एग्रीस्टेक पंजीयन, पीवी एप्लिकेशन और भुइयां पोर्टल में आ रही तकनीकी त्रुटियों को जल्द सुधारने की मांग की गई है, ताकि कोई भी वास्तविक किसान धान बेचने से वंचित न रहे।

मांगें पूरी न होने पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी व्यापक महाधरना आयोजित कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी। इस चेतावनी रैली और घेराव में पूर्व विधायक मंजू सिंह, मोतीलाल देवांगन, दिनेश शर्मा, रविशेखर भारद्वाज, विवेक सिंह सिसोदिया, रमेश पैगवार सहित जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button