Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के शराब प्रेमियों के लिए बड़ी राहत, प्रदेश में सस्ती हुई 33 विदेशी शराब

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के बाद आयात शुल्क 150 से घटकर हुआ 75 प्रतिशत, आबकारी विभाग ने जारी की नई दरें

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शराब शौकीनों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का सीधा असर अब प्रदेश के बाजार में भी दिखाई देने लगा है। स्कॉच व्हिस्की पर लगने वाला आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर आधा यानी 75 प्रतिशत कर दिए जाने के बाद अब राज्य में 33 प्रीमियम विदेशी शराब ब्रांडों की नई कीमतें तय कर दी गई हैं। नई दरों के लागू होने से जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपये तक की बड़ी कमी आई है।

छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाली इन 33 चर्चित ब्रांडों की नई दरों को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे कई लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय ब्रांड शामिल हैं।

प्रमुख ब्रांडों के नए रेट तय

आबकारी विभाग द्वारा जारी नई सूची के मुताबिक, जॉनी वॉकर 18 ईयर की लैंडिंग कीमत अब 42,480 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की कीमत 92,939 रुपये और रॉयल सैल्यूट 21 ईयर की लैंडिंग कीमत 64,079 रुपये तय की गई है। इसके अलावा सिंगलटन 12 ईयर के एक केस की कीमत में भी 2,817 रुपये तक की कटौती दर्ज की गई है।

खुदरा दुकानों में कब मिलेगा सीधा फायदा?

दरअसल, भारत और ब्रिटेन के बीच लंबी बातचीत के बाद पिछले वर्ष लंदन में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर हुए थे, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाना और आयात-निर्यात शुल्क को कम करना है। हालांकि, विदेशी शराब की लैंडिंग कीमतों में हुई इस भारी कटौती का सीधा लाभ आम ग्राहकों की जेब तक कितना पहुंचेगा, यह अब सरकारी शराब दुकानों के लिए तय होने वाली नई खुदरा कीमतों पर निर्भर करेगा।

Related Articles

Back to top button