अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ आज से, भगत चौक में निकलेगी भव्य कलश यात्रा


पुरानी बस्ती स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने वट वृक्ष के नीचे 65वें वर्ष में प्रवेश कर रहा ऐतिहासिक आयोजन
सात दिनों तक गूंजेगी राम नाम की अखंड धुन।
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय की पुरानी बस्ती स्थित भगत चौक में सैकड़ों वर्ष पुराने विशाल वट वृक्ष के नीचे मोहल्लावासियों द्वारा आयोजित अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ का शुभारंभ आज 22 नवंबर से होने जा रहा है। विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान अपने 65वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। पहले दिन यज्ञ स्थल भगत चौक से कीर्तन मंडली के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो भीमा तालाब स्थित भगवती देवी दाई मंदिर तक जाएगी।
मंदिर में विधिवत वरुण कलश पूजन संपन्न होने के बाद यात्रा वापस संकीर्तन स्थल लौटेगी। इसके पश्चात यज्ञ के विधिवत प्रारंभ हेतु देव आवाहन, स्थापना पूजा और स्वास्ति वाचन के साथ देव मूर्तियों की भव्य झांकी स्थापित की जाएगी। पूरे सात दिन और सात रात तक चबूतरे पर बिना रुके निरंतर राम नाम का जाप चलेगा।
कई जिलों की कीर्तन मंडलियां करेंगी संकीर्तन
भगत चौक में 100 साल से अधिक पुराने वट वृक्ष के नीचे होने वाले इस आयोजन का क्षेत्र में विशेष महत्व है। इस सप्ताह यज्ञ में शामिल होने और राम नाम का गायन करने के लिए जांजगीर-चांपा जिले के सैकड़ों गांवों के साथ-साथ अन्य जिलों से भी कीर्तन मंडलियां अपनी पूरी टीम के साथ पहुंचती हैं।
29 को नगर भ्रमण और 30 को होगा भंडारा
आयोजन समिति के अनुसार, सप्ताह यज्ञ का समापन आगामी 29 नवंबर को किया जाएगा। उसी शाम भगवान श्रीकृष्ण और राधा जी को आकर्षक पालकी में विराजमान कर पूरे नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि अगले दिन 30 नवंबर को हवन, सहस्त्र धारा और ब्राह्मण भोज के साथ अनुष्ठान की पूर्णाहुति होगी।
तैयारियों में जुटे मोहल्लावासी और समिति सदस्य
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के संस्थापक, संरक्षक, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्षगण, कोषाध्यक्ष, उप कोषाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, प्रचार-प्रसार अध्यक्ष, व्यवस्थापक, पुजारीगण, मंच संचालन प्रभारी सहित भगत चौक के सभी निवासी जोर-शोर से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।



