अकलतरा के बड़े अमेरी के सबरिया डेरे पर पुलिस की रेड, 95 लीटर महुआ शराब और दो महंगी बाइक जब्त


अकलतरा अनुभाग की संयुक्त पुलिस टीम ने तड़के की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार होकर न्यायिक रिमांड पर; दो अन्य की तलाश जारी
जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकलतरा अनुभाग पुलिस ने मंगलवार तड़के ग्राम बड़े अमेरी के नाला किनारे स्थित सबरिया डेरे पर बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर की सटीक सूचना पर संयुक्त टीम ने दबिश देकर अवैध हाथ भट्टी से तैयार की जा रही 95 लीटर कच्ची महुआ शराब और दो मोटरसाइकिल समेत कुल 3 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। इस कार्रवाई में मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि उसके दो फरार साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में अवैध नशे के कारोबारियों पर लगातार नकेल कसी जा रही है। इसी कड़ी में 24 नवंबर को सूचना मिली थी कि बड़े अमेरी नाला किनारे सबरिया समुदाय के कुछ लोग बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बना रहे हैं। इसके बाद एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना अकलतरा, मुलमुला और पुलिस सहायता केंद्र कोटमी की संयुक्त टीम ने तड़के घेराबंदी कर छापेमारी की।
तीन हांडियों में बन रही थी शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि नाले के किनारे बड़ा चूल्हा बनाकर तीन एल्यूमीनियम हांडियों के जरिए बेचने की नीयत से कच्ची शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस टीम ने मौके से छह प्लास्टिक जरीकेन में भरी 95 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 9,500 रुपये आंकी गई है।
3 लाख की स्पोर्ट्स बाइक और पंप जब्त
पुलिस ने शराब के साथ-साथ मौके से तस्करी और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले महंगे उपकरण भी जब्त किए हैं। इनमें होंडा हॉर्नेट और पल्सर N250 दो मोटरसाइकिल शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 7 हजार रुपये कीमत का एक टुल्लू पंप और 3 हजार रुपये की तीन हांडियां व प्लास्टिक पाइप भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो साथियों की तलाश
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 22 वर्षीय बाबूलाल गौड़ पिता धरम गौड़ निवासी बड़े अमेरी कोटमीसोनार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने इस अवैध कारोबार में आशीष गौड़ और राकेश गौड़ के भी शामिल होने की बात कबूली है, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 695/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।





