सावधान! कार बेचने के नाम पर ठगी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, 2 साल बाद दुर्ग से गिरफ्तार

जांजगीरचाम्पा। अगर आप भी पुरानी गाड़ी खरीदने के लिए किसी अनजान शख्स पर भरोसा कर रहे हैं, तो रुकिए! जांजगीर पुलिस ने एक ऐसे ही शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो लोगों को कार की फोटो दिखाकर लाखों रुपये ऐंठ लेता था। आरोपी पिछले दो सालों से फरार चल रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस के बिछाए जाल में फंस ही गया।
फोटो दिखाकर फंसाया जाल में
मामला केरा रोड निवासी सुखीराम साहू से जुड़ा है, जिन्हें एक पुरानी कार की जरूरत थी। दुर्ग निवासी वसीम खान ने खुद को बड़ा डीलर बताकर उन्हें एक नई जैसी स्विफ्ट डिजायर की फोटो भेजी। प्रार्थी झांसे में आ गया और आरोपी ने सौदा पक्का करने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 1,30,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे मिलते ही बंद कर दिया फोन
जैसे ही आरोपी वसीम के पास रकम पहुंची, उसने अपना असली रंग दिखा दिया। उसने प्रार्थी का फोन उठाना बंद कर दिया और न ही गाड़ी की डिलीवरी दी। करीब दो साल तक पुलिस को छकाने के बाद, SP विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर गठित साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी सुरागों के आधार पर उसे दुर्ग के केलाबाड़ी इलाके से दबोच लिया। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे और कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।




