होली पर किसानों को सौगात: गुलाल ही नहीं, खुशहाली के भी होंगे रंग- इंजी. रवि पांडेय

जांजगीर चाम्पा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने राज्य के लाखों किसानों को होली पर्व से पहले धान की अंतर राशि (3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से) एकमुश्त भुगतान करने के फैसले को किसान हितैषी और ऐतिहासिक बताया है।
25 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ
इंजी. पाण्डेय ने कहा कि कैबिनेट के निर्णय अनुसार, राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों को होली के पावन पर्व से पहले अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा। गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश में रिकॉर्ड 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल धान नहीं खरीद रही, बल्कि किसानों के पसीने की एक-एक बूंद की कीमत चुकाकर उनके पुरुषार्थ का सम्मान कर रही है।
किसानों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रदेश का अन्नदाता ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। होली से पहले एकमुश्त भुगतान का निर्णय किसानों के जीवन में न केवल आर्थिक संबल लाएगा, बल्कि उनके उत्सव के उल्लास को दोगुना कर देगा। मुख्यमंत्री का यह कथन कि “किसानों की मुस्कान ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है”, भाजपा की सेवा भावना को दर्शाता है।
वादों पर लगी विश्वसनीयता की मुहर
इंजी. पाण्डेय ने पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि साय सरकार ने किसानों को किस्तों के लंबे इंतजार से मुक्ति दिलाई है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल का वादा निभाकर सरकार ने अपनी विश्वसनीयता पर मुहर लगाई है। भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम छत्तीसगढ़ को कृषि प्रधान से कृषि समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।




