Chhattisgarh

इंस्टाग्राम पर युवती के फोटो-वीडियो वायरल कर मांगे 70 हजार रुपये, मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार

जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर तकनीक की मदद से दबोचा गया आरोपी, मोबाइल जब्त

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे दोस्ती की और बाद में नजदीकियां बढ़ाकर उसके फोटो एवं वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी सोशल मीडिया पर सामग्री प्रसारित करने की धमकी देकर लगातार रुपये की मांग करने लगा। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल नहीं करने के एवज में 70 हजार रुपये की मांग की थी। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती ने पुलिस से मदद मांगी।

साइबर जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में जांच शुरू की गई। इंस्टाग्राम आईडी और डिजिटल साक्ष्यों की साइबर सेल के माध्यम से जांच की गई।जांच के दौरान मुख्य आरोपी का लोकेशन बिहार राज्य में मिलने पर नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार कंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

पुलिस ने अकबर खान (20 वर्ष), निवासी ग्राम चूरेसर, थाना अमझोर, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग और फोटो-वीडियो प्रसारित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो आरोपी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार कंवर, एएसआई अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर तथा आरक्षक लीला राम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button